10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान: मनेंद्रगढ़ में गूंजा नशामुक्त भारत का संकल्प
मनेंद्रगढ़। दादी प्रकाशमणि जी के स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा 6 से 10 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे देशव्यापी “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत सोमवार को ब्रह्माकुमारीज मनेंद्रगढ़ द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार शुक्ला, शिक्षकगण, सभी विद्यार्थी तथा ब्रह्माकुमारी माधुरी एवं ब्रह्माकुमारी अनिता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्वयं को हर प्रकार के नशे से दूर रखने तथा अपने परिवार, समाज और कम से कम 10 अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
मोबाइल और सोशल मीडिया की लत भी नशे का रूप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी माधुरी ने कहा कि नशा सुनते ही आमतौर पर शराब, सिगरेट और ड्रग्स का ध्यान आता है, लेकिन आज मोबाइल, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और अन्य गलत आदतें भी युवाओं के समय, ध्यान और भविष्य को प्रभावित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब किसी आदत पर हमारा नियंत्रण समाप्त हो जाए और वही आदत हमें नियंत्रित करने लगे, तो वह नशे का रूप ले लेती है। केवल नशा छोड़ने की बात करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मन को मजबूत और आत्मनियंत्रित बनाना भी आवश्यक है।
उन्होंने राजयोग जीवनशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि राजयोग व्यक्ति को आत्मसम्मान, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच के माध्यम से गलत आदतों पर विजय प्राप्त करने की शक्ति देता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी से आह्वान किया गया कि वे कम से कम 10 अन्य नागरिकों को राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा से जोड़ें और नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा से जुड़ने के लिए WhatsApp नंबर 9414154000 पर “PLEDGE” संदेश भेजने अथवा अभियान के आधिकारिक QR कोड को स्कैन कर प्रतिज्ञा लेने की अपील की गई।










-Banner.jpg)







