बैकुंठपुर में स्कूटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी गई एक्टिवा बरामद

बैकुंठपुर में स्कूटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी गई एक्टिवा बरामद

10-Nov-2026    3:46:04 pm    29    सावन कुमार- संपादक

बैकुंठपुर (कोरिया)। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में स्कूटी चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमाबाग कॉलोनी निवासी सत्येन्द्र सोनी ने थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 नवंबर 2026 को उनकी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG16CQ9517 घर के सामने से चोरी हो गई है। घटना के बाद CCTV फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी को पैदल ले जाते हुए दिखाई दिया।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रकाश तिग्गा (35 वर्ष), पिता रामसाय तिग्गा, निवासी टिकरापारा थाना पत्थलगांव जिला जशपुर, हाल मुकाम गढ़ेलापारा बैकुंठपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई स्कूटी को प्रेमाबाग मंदिर के पीछे झाड़ियों से बरामद कर जब्त किया। पुलिस ने आरोपी को 8 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस मामले में थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।