कोरिया में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 वाहनों से वसूला 16,400 रुपये जुर्माना स्कूली

कोरिया में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 वाहनों से वसूला 16,400 रुपये जुर्माना स्कूली

04-Nov-2026    7:36:07 pm    11    सावन कुमार- संपादक

कोरिया। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत 21 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 16 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जांच के दौरान बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने, बिना लाइसेंस वाहन चलाने, बीमा एवं परमिट के दस्तावेज नहीं रखने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने सहित यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए।

अभियान के दौरान स्कूली वाहनों और ऑटो की विशेष रूप से जांच की गई। आरटीओ अधिकारी एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग कर वाहनों के दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की। साथ ही वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।