109 किलो गांजा जब्त, कीमत 50 लाख रुपये से अधिक पिकअप के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा था गांजा, एक आरोपी गिरफ्तार

109 किलो गांजा जब्त, कीमत 50 लाख रुपये से अधिक पिकअप के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा था गांजा, एक आरोपी गिरफ्तार

25-Sep-2026    8:19:28 am    160    सावन कुमार- संपादक

बलरामपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए बोलेरो पिकअप के डाले के नीचे विशेष गुप्त चेंबर बना रखा था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक JH10AQ5144 में भारी मात्रा में गांजा उड़ीसा से बलरामपुर के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) लगाकर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की और उसकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पिकअप के डाले के नीचे कुछ छिपाए जाने का संदेह हुआ। डाले को उठाकर जांच करने पर उसके नीचे एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें 100 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया है।


मामले में पुलिस ने योगीराज पिता ऐशन शाह (29 वर्ष), निवासी ग्राम कतिकनार, थाना नवानगर, जिला बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गांजा उड़ीसा से बिहार ले जाया जा रहा था और इस तस्करी के पीछे एक बड़े नेटवर्क के जुड़े होने की आशंका है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है और संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

बाइट: विश्व दीपक त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बलरामपुर