गौवंश हत्या मामले में 30 घंटे के भीतर 5 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने गौ मांस के अवशेष, टांगी और चाकू किया जब्त

गौवंश हत्या मामले में 30 घंटे के भीतर 5 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने गौ मांस के अवशेष, टांगी और चाकू किया जब्त

30-Sep-2026    8:32:12 am    25    सावन कुमार- संपादक

बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के चौकी पोड़ी बचरा थाना बैकुण्ठपुर क्षेत्र में गौवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के महज 30 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को ग्राम पोड़ी कंवरपारा के पीछे गड्ढे वाले खेत में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर सरपंच सुशीला पति जय प्रकाश सिंह की रिपोर्ट पर चौकी पोड़ी बचरा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड, साइबर सेल और चौकी पोड़ी बचरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ के दौरान संजय कुमार कुर्रे, धर्मेन्द्र कुर्रे, सुभाष कुर्रे, विक्की उर्फ अमन कुमार कुर्रे, सभी निवासी पोड़ी बैरडांड तथा एक नाबालिग आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर गवाहों के समक्ष गौ मांस के अवशेष तथा घटना में प्रयुक्त टांगी और चाकू बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों को 28 सितंबर को गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। आरोपियों को 29 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में चौकी प्रभारी लवांग सिंह, सउनि एल.सी. कश्यप, प्रधान आरक्षक सुनील कुमार साहू, चालक सूरज यादव, आरक्षक अजय कुमार सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सहित चौकी स्टाफ तथा साइबर सेल प्रभारी अमोल खलखो, आरक्षक सजल जायसवाल, अमरेशा नंद ठाकुर, राजेश रगड़ा और अमल कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोरिया पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराध, पशु क्रूरता सहित अन्य अपराधों के खिलाफ त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।