चिरमिरी निगम परिसर में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हुए शामिल
एमसीबी,चिरमिरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर प्रारंभ किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को चिरमिरी नगर पालिक निगम के सभागार में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने स्वच्छता मित्रों द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानपूर्वक स्वीकार किया। उन्होंने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर आयोजित गतिविधियों की जानकारी ली और उनकी आवश्यकताओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वच्छता मित्र शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के भाव से प्रेरणा लेते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता मित्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








-Banner.jpg)








