स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया सेवा संकल्प अभियान के मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य
एमसीबी, चिरमिरी। सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत मंगल भवन, पोड़ी चिरमिरी में आज दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय ने की। शिविर 30 सितंबर एवं 01 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिलेवासियों को विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं जनप्रतिनिधियों ने अटल परिसर पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात मंगल भवन में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्वास्थ्य स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली।

*एक ही छत के नीचे मिल रही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं*
मेगा हेल्थ कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों को प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल रही हैं। शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, पीडियाट्रिक्स, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट, कैंसर विशेषज्ञ, यूरोलॉजिस्ट, शल्य रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, नेत्र रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ एवं ईएनटी विशेषज्ञ सहित विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ मरीजों की जांच, उपचार एवं परामर्श प्रदान कर रहे हैं।
सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की बहुमुखी सोच के चलते चिरमिरी में यह महत्वपूर्ण मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जा रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शिविर में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ लेते हुए अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।
कैंसर जांच से कृत्रिम अंग तक सुविधाएं, ग्रामीणों से स्वास्थ्य जांच की अपील
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चिरमिरी में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया है। शिविर में बालको कैंसर इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञों की सेवाएं भी उपलब्ध हैं। जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए कृत्रिम अंग निर्माण की सुविधा के लिए पंजीयन किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं स्वास्थ्य जांच कराने तथा परिवार एवं आसपास के लोगों को भी शिविर की जानकारी देने की अपील की। साथ ही अंगदान के प्रति जागरूक होकर संकल्प लेने का आह्वान किया।
महापौर रामनरेश राय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत चिरमिरी के पोड़ी क्षेत्र स्थित मंगल भवन में विशाल मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया है। प्रदेश के जाने-माने अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक यहां अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से चिरमिरी एवं मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा आधुनिक चिकित्सा मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं।
*10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य, अंगदान-देहदान के लिए बढ़ाया कदम*
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नागरिकों से मेगा हेल्थ कैंप का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को हाथ-पैर से संबंधित समस्या है, जिन्हें कम दिखाई देता है अथवा आंखों से जुड़ी परेशानी है, वे शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं उपचार कराएं। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों से विशेषज्ञ चिकित्सक यहां पहुंचे हैं, जिससे जिले के लोगों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि शिविर में 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लक्ष्य रखा गया है। हाथ-पैर से संबंधित जरूरतमंद हितग्राहियों का पंजीयन भी किया जा रहा है। अब तक 5 लोगों ने नेत्रदान, 10 लोगों ने अंगदान और 3 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया है। उन्होंने नागरिकों से भी अंगदान एवं देहदान के लिए आगे आने की अपील की।
उन्होंने बताया कि लिवर, किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। आवश्यकतानुसार देश के विभिन्न अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में जल्द ही मेंटल हॉस्पिटल भी शुरू किया जाएगा, जिसके लिए चिकित्सकों की व्यवस्था की जा चुकी है।

*हितग्राहियों को मिली सहायक सामग्री, डॉक्टरों को स्मृति चिन्ह से सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने हितग्राहियों को छड़ी, कान की मशीन, आयुष्मान कार्ड एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पोषण आहार प्रदान किया। साथ ही 8 डेथ बॉडी फ्रिजर एमसीबी स्वास्थ्य विभाग को सौंपे गए। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 2 अक्टूबर को कैंप आयोजित नहीं होगा। इसके बाद पात्र हितग्राहियों को आवश्यकतानुसार संबंधित किट का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य जिले के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और देश को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, एसईसीएल चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, बजरंगी शाही, एचएमएस महामंत्री, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, द्वारिका जायसवाल, जिला एमसीबी महामंत्री, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन, सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, बबलू डे, एमआईसी सदस्य, मनोज जैन, राम लखन सिंह, धमेन्द्र त्रिपाठी, रामाधार, नरेन्द्र साहू, रजनी तिवारी, आकाश दास सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









-Banner.jpg)








