8th Pay Commission: पेंशनर्स की बल्ले-बल्ले! 30 हज़ार से बढ़कर 75 हज़ार हो सकती है पेंशन, जानें कब मिलेगा फायदा

8th Pay Commission: पेंशनर्स की बल्ले-बल्ले! 30 हज़ार से बढ़कर 75 हज़ार हो सकती है पेंशन, जानें कब मिलेगा फायदा

10-Sep-2025    1:20:16 pm    39    Anita nishad

 

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से कर्मचारी और पेंशनभोगी इसकी घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोग की सिफारिशें लागू होने में अभी वक्त लगेगा और इन्हें 2027 के आखिर या 2028 की शुरुआत तक लागू किया जा सकता है। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय सरकार ही लेगी।

8वें वेतन आयोग से पेंशनर्स को बड़ा फायदा

हर 10 साल पर बनने वाले वेतन आयोग का सीधा असर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स पर पड़ता है। फिलहाल 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू हैं, जो 1 जनवरी 2016 से प्रभावी हुई थीं। अब उम्मीद है कि 1 जनवरी 2026 से 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की जाएंगी।

सबसे बड़ा फायदा पेंशनर्स को होगा। वर्तमान में 30,000 रुपये पेंशन पाने वाले व्यक्ति की पेंशन फिटमेंट फैक्टर बढ़ने पर 75,000 रुपये तक जा सकती है। इसी तरह न्यूनतम पेंशन, जो फिलहाल 9,000 रुपये है, वह बढ़कर 22,500 से 25,000 रुपये तक हो सकती है। अनुमान है कि इस बार वेतन और पेंशन में औसतन 25-30% तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

फिटमेंट फैक्टर पर टिकी निगाहें

वेतन आयोग का सबसे अहम हिस्सा होता है फिटमेंट फैक्टर, जो एक मल्टीप्लायर की तरह काम करता है। इसी के आधार पर वेतन और पेंशन तय होती है। यदि यह फैक्टर 2.5 रखा गया, तो पेंशन और सैलरी दोनों में भारी बढ़ोतरी होगी।

प्रक्रिया में हो रही देरी

हालांकि राहत की खबर यह है कि सरकार ने 2025 में आयोग बनाने की घोषणा कर दी थी। लेकिन अब तक इसका टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR), यानी आयोग का कामकाज तय करने वाले नियम और चेयरपर्सन-सदस्यों के नाम तक तय नहीं हुए हैं। यही वजह है कि पूरी प्रक्रिया में देरी हो रही है।

वित्त मंत्रालय का बयान

हाल ही में वित्त मंत्रालय के राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा में बताया कि सरकार को आयोग को लेकर कई अहम सुझाव मिले हैं। जल्द ही इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग तय समयसीमा के भीतर ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।

2028 से पहले लागू होना मुश्किल

रिपोर्ट्स के अनुसार, भले ही सरकार प्रक्रिया को तेज कर दे, लेकिन 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 2028 की शुरुआत से पहले लागू होना मुश्किल है। हालांकि यह जरूरी नहीं कि इसकी टाइमलाइन बिल्कुल 7वें वेतन आयोग जैसी हो, लेकिन कर्मचारियों और पेंशनर्स को अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

कर्मचारियों और पेंशनर्स में उत्सुकता

महंगाई और बढ़ते खर्चों के बीच सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें अब सिर्फ 8वें वेतन आयोग पर टिकी हैं। यदि आयोग की सिफारिशें लागू होती हैं, तो वेतन और पेंशन दोनों में बड़ा इजाफा होगा, जिससे लाखों परिवारों को राहत मिलेगी।