जीवन संस्कार सेवा समिति की अनूठी पहल इंकलाब युवा संसद 2026 से निखरेगा युवा नेतृत्व

जीवन संस्कार सेवा समिति की अनूठी पहल इंकलाब युवा संसद 2026 से निखरेगा युवा नेतृत्व

07-Jul-2026    1:10:46 pm    54    सावन कुमार- संपादक

जीवन संस्कार सेवा समिति द्वारा 11 एवं 12 जुलाई 2026 को बिलासपुर में “इंकलाब युवा संसद 2026” का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली की गहन समझ प्रदान करने, उनके नेतृत्व कौशल को विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय एवं सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

इस आयोजन के अंतर्गत लोकसभा, विधानसभा, यूनिसेफ, यूएनजीए, डीआईएसईसी, आईपी, आईपीएल एवं महाभारत जैसी विविध समितियों का गठन किया गया है, जिससे प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने और संवाद स्थापित करने का अवसर प्राप्त होगा। विशेष रूप से इस वर्ष पहली बार शतरंज को शामिल किया गया है, जो युवाओं में तार्किक क्षमता, रणनीतिक सोच और निर्णय लेने की दक्षता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी एवं छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि "इंकलाब युवा संसद 2026" युवाओं में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, प्रभावी अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने युवाओं से आयोजन में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि "इंकलाब युवा संसद" जैसे मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद एवं अभिव्यक्ति कौशल, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यक्तित्व विकास को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं जागरूक भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य मोहनीश, अमीषा, प्रवीण स्वामी,विराज श्री, आयुष सहित संपूर्ण टीम सतत प्रयासरत है। शहर के विभिन्न गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक मंच बताया है।