मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना से दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच हुई आसान 1 अप्रैल से अब तक आयोजित शिविरों में साढ़े तीन हजार से अधिक मरीजों को मिला इलाज और निःशुल्क दवाईयां
कोरिया - मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना राज्य शासन की ऐसी महत्वाकांक्षी योजना जिसने प्रदेश में दूरस्थ गाँवो एवं वनांचलों में रहने वाले लोगों को घर तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाई है। हाट बाज़ारों में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) शिविर के माध्यम से लोगों की निःशुल्क जांच और उपचार कर दवाइयां उपलब्ध करायी जा रही है। जो ऐसे क्षेत्रों में वरदान बनकर उभरी हैं।
मुखयमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में शासन के निर्देशानुसार कोरिया जिले में हाट बाज़ारों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 01 अप्रैल 2021 से 24 जुलाई 2021 तक कोरिया जिले में कुल 3 हजार 617 लाभार्थियों ने हाट बाजार क्लीनिक में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया, जिसमें विकासखंड बैकुण्ठपुर से 340, विकासखंड भरतपुर से 2 हजार 191, विकासखंड खड़गवां से 138, विकासखंड मनेन्द्रगढ़ से 584 एवं विकासखंड सोनहत से 350 से अधिक लाभार्थी शामिल है। अब तक 3 हजार 532 मरीजों को निःशुल्क दवाईयों का वितरण किया गया है।
विकासखंड बैकुण्ठपुर के ग्राम सोरंगा निवासी 56 वर्षीय रामभरोस बताते हैं कि उन्हें हाई बी.पी. की समस्या है। साप्ताहिक हाट बाजार तो जाते ही थे, यहां ही हाट बाजार क्लीनिक में उन्होंने जांच भी करवाई। यहां मिले इलाज एवं दवाइयों से उन्हें काफी आराम मिला और वे इस सुविधा से पूर्ण रूप से सन्तुष्ट है। वे बताते हैं कि पूर्व से ही हाट बाजार क्लीनिक का लाभ लेते रहे हैं।
विकासखण्ड भरतपुर के अंतर्गत ग्राम बडगांवकला में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में शामिल मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम बताती है कि टीम के गांव पहुचते ही बडी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर में जॉच कराने पहुंच रहे हैं। यहां एब्डोमिनल पेन, हाई बीपी, शुगर, दुर्घटना के मामले, खून की जांच, लिवर, हड्डी रोग, आंख-कान-गला, डायरिया और रैपिड एंटीजन किट से कोविड जांच भी टीम द्वारा की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को निःशुल्क दवाईयां वितरण की जाती हैं और बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह भी देते हैं। इस मेडिकल टीम में डॉ. उमेश आदित्य, फार्मशिष्ट आदिल खान, लैब टेक्निशियन ठाकुर दयाल राजवाड़े, एएनएम नम्रता विश्वास की सक्रियता रही।
हाट बाजार क्लिनिक में मेडिकल टीम के द्वारा मरीजों को प्राथमिक उपचार के साथ टीकाकरण, एनीमिया, कुपोषण से बचाव तथा सुरक्षित संस्थागत प्रसव के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग से उपलब्ध जानकारी के अनुसार हाट बाजार क्लीनिक में एनीमिया, मलेरिया, डायरिया, एचआईव्ही, टीबी, लेप्रोसी, बीपी, हाई बीपी, मधुमेह, नेत्र जांच एवं गर्भवती महिलाओं की जांच समेत अन्य मौसमी बीमारियों व कोविड-19 की जांच की जाती है। इसके साथ ही टीकाकरण भी किया जाता है।

















