एमबीबीएस में एडमिशन के नाम पर 21.80 लाख की ठगी, एक साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

एमबीबीएस में एडमिशन के नाम पर 21.80 लाख की ठगी, एक साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

13-Sep-2026    11:39:26 am    109    सावन कुमार- संपादक

 चिरमिरी। एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर 21 लाख 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में चिरमिरी पुलिस ने करीब एक साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस कुमार, संचालक पाम कैरियर कंसल्टेंसी प्रा. लि., भिलाई के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आज़ाद नगर गोदरीपारा, चिरमिरी निवासी 62 वर्षीय सुनील कुमार चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रिंस कुमार ने उनकी बेटी गायत्री चौरसिया का मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला कराने का भरोसा दिलाया था। इसके एवज में आरोपी ने 4 अगस्त 2022 से 26 अप्रैल 2023 के बीच अलग-अलग किश्तों में चेक के माध्यम से कुल ₹21,80,000 अपने खाते में जमा करवाए।
रकम लेने के बावजूद जब बेटी का एमबीबीएस में दाखिला नहीं हुआ, तो शिकायतकर्ता ने आरोपी से रकम वापस करने की मांग की। आरोप है कि आरोपी ने पहले उन्हें लगातार गुमराह किया और बाद में रकम वापस करने से इनकार कर दिया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद चिरमिरी पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट सहित उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार बताया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।