कोरोना काल में भी ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा पहुंचाती रही बीसी सखी, जिला सीईओ ने दी शुभकामनाएं, बीसी सखियों को प्रशिक्षण के साथ प्रदान किए गए माइक्रो एटीएम और फिंगरप्रिंट पे-पाइंट मशीन
कोरिया - जिला पंचायत ऑडिटोरियम में आज राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान और बैंक के माध्यम से बतौर बैंकिंग कॉरेस्पांडेंट कार्य करने वाली स्व सहायता समूह की महिलाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह आवश्यक उपकरण वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री श्याम धावड़े के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत और लीड बैंक मैनेजर के द्वारा कॉमन सर्विस सेंटर कार्यक्रम एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के सहयोग से 06 महिलाओं को माइक्रो एटीएम मशीन और 20 महिलाओं को फिंगरप्रिंट पे-पाइंट मशीन का वितरण किया गया। इस दौरान सीआरजीबी के आईटी मैनेजर श्री संदीप भी उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं को मशीन के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया। बता दें कि जिले के दूरस्थ अंचलों में बैंकिग की सुविधा का नया विकल्प बीसी सखियों के रूप में प्रचलित हो रहा है। इसके लिए राज्य स्तर पर भी कोरिया जिले की सराहना की गई है।
कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरोना काल के दौरान बीसी सखियों के द्वारा गांवों में लेन-देन की सुविधा उपलब्ध करा दिए जाने से कोरोना की रोकथाम में बहुत मदद मिली है। महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए जिला पंचायत सीइओ श्री दुदावत ने कहा कि किसी भी तरह की दिक्कत आती है तो आप बैंक के अधिकारियों और बिहान टीम की मदद ले सकते हैं। बिना किसी भय के आप ग्रामीण क्षेत्रों में लेन-देन करके विश्वास अर्जित करें। जिला पंचायत सीइओ ने कहा कि सभी बैंकिंग करस्पांडेंट अपने लक्षित व्यक्ति और ग्राहकों का चिंहाकन कर उन्हे गांव में ही साधारण लेन-देन से होने वाली सुविधा से अवगत कराएं।
बैंकिंग करस्पांडेंट के रूप में कार्य कर रही स्व सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए लीड बैंक मैनेजर ने कहा कि कोरोना काल के दौरान जिले भर आपके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में दी गई बैंकिंग सेवाओं से आम नागरिकों को बेहद सहूलियत मिली। उन्होंने महिलाओं की प्रशंसा करते हुए बैंक स्तर पर होने वाली सभी समस्याओं को तेजी से निराकृत कराने की बात कही। कार्यक्रम के आरंभ में जिला मिशन प्रबंधक श्री रामेन्द्र सिंह गुर्जर ने जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हो रहे समूह गठन और बैंक लिकेज आदि के बारे में विस्तार से प्रतिवेदित किया। इस दौरान उन्होने जिले में लक्ष्य और उसके सापेक्ष प्रगति के आंकड़ों को साझा किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किये। उन्होंने बताया कि बिहान से जुड़कर बीसी सखी के रूप में काम करते हुए उन्हें ना केवल आय का जरिया मिला बल्कि अपनी पहचान बनाने का आत्मविश्वास भी मिला। इस प्रशिक्षण सत्र में बैंकिंग के बारे में तकनीकी विशेषज्ञों ने समूह की उपस्थित महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी। आयोजन के आरंभ में प्रशिक्षण के लिए आई हुई प्रतिभागियों के पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण की गई। इसके अलावा बीसी सखियों को कामन सर्विस सेंटर के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

















