नक्सल फंडिंग को बड़ा झटका: 14 लाख कैश जब्त, 19 लाख के 4 इनामी नक्सलियों ने किया सरेंडर
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों के समक्ष आज डीवीएस सदस्य दीपक मंडावी समेत चार इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल मिलाकर 19 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों में दो पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं, जिनमें दीपक मंडावी के साथ-साथ कैलाश, रानिता और सुजाता के नाम प्रमुख हैं।
ये सभी नक्सली धमतरी-गरियाबंद-नुआपड़ा डिवीजन कमेटी में वर्ष 2013 से सक्रिय थे। आत्मसमर्पण के बाद नक्सलियों की निशानदेही पर करीब 14 लाख रुपये नकद, 31 जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन, डेटोनेटर, 8 बीजीएल शेल, 12 बोर राउंड और नक्सली साहित्य बरामद किया गया। बताया गया कि यह रकम नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसका उपयोग नक्सली गतिविधियों और फंडिंग में किया जाना था।
नक्सली संगठन में बढ़ती टूट
रायपुर रेंज आईजी अमरेंद्र मिश्रा और आईजी नक्सल ऑपरेशन अंकित गर्ग ने गरियाबंद मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस साल जनवरी में केंद्रीय समिति सदस्य जयराम उर्फ चलपथी समेत 16 नक्सलियों के मारे जाने के बाद नक्सली संगठन में आंतरिक टूट और मनोबल में गिरावट देखी जा रही है।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, सक्रिय माओवादी नेटवर्क पर आर्थिक चोट से भी संगठन की कमर टूट रही है। नक्सल फंडिंग की बड़ी रकम जब्त होने से यह स्पष्ट है कि संगठन की वित्तीय रीढ़ को कमजोर किया जा रहा है।
राज्य सरकार की पुनर्वास नीति का असर
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों की रणनीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा इन्हें कानून के तहत सभी आवश्यक सहायता और पुनर्वास पैकेज उपलब्ध कराया जाएगा।










-Banner.jpg)







