मिजोरम के लिए बड़ा दिनः थोड़ी देर में पहुंचेंगे PM मोदी, देंगे 9000 करोड़ की सौगात; रुक-रुक कर हो रही बारिश

मिजोरम के लिए बड़ा दिनः थोड़ी देर में पहुंचेंगे PM मोदी, देंगे 9000 करोड़ की सौगात; रुक-रुक कर हो रही बारिश

13-Sep-2025    7:40:29 am    25    Anita nishad

 मिजोरम की धरती पर आज इतिहास लिखा जाने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में ऐसी परियोजना का उद्घाटन करने जा रहे हैं, जिसके पीछे छिपा है अंधेरी सुरंगों, खतरनाक पुलों और सीटी बजाती रेल का सफर। लेकिन सवाल यही है—क्या ये सीटी विकास की है… या डरावनी चुनौतियों की?



आइजोल। रातभर की बारिश के बीच मिजोरम की राजधानी आइजोल में ऐतिहासिक दिन का सवेरा हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बहुप्रतीक्षित
 बैराबी–सैरांग रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे। आज़ादी के 78 साल और भारतीय रेल के 172 साल बाद पहली बार मिजोरम देश की राजधानी से रेल मार्ग द्वारा जुड़ने जा रहा है।

यह परियोजना सिर्फ एक रेल लाइन नहीं, बल्कि मानो लोहे और कंक्रीट की भूलभुलैया है—51.38 किलोमीटर लंबा ट्रैक, 48 सुरंगें और 142 पुलों से होकर गुजरता है। इनमें सबसे खतरनाक और रोमांचक है पुल संख्या 196, जिसकी ऊंचाई 104 मीटर (कुतुब मीनार से भी ज्यादा) है। यही वजह है कि लोग इसे ‘मौत का पुल’ कहकर भी फुसफुसाते हैं।

पीएम मोदी इस मौके पर 9,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इसमें सड़कें, ऊर्जा, शिक्षा और खेल से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

  • तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी मिलेगी—सैरांग-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सैरांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस और सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस।

  • आइजोल बाईपास रोड, थेंजावल-सियलसुक रोड और नदी पर नए पुल से सीमावर्ती इलाकों में कनेक्टिविटी बदलेगी।

  • खेलो इंडिया मल्टीपर्पज हॉल, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और नए रेजिडेंशियल स्कूल मिजोरम की नई पहचान बनेंगे।

यह रेल लाइन भविष्य में म्यांमार की सीमा तक बढ़ाई जाएगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और सुरक्षा दोनों पर असर पड़ेगा।