BILASPUR HIGH COURT BREAKING: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का आदेश, 14 साल तक बलात्कार करने वाले डॉक्टर का होगा DNA टेस्ट, पढ़े पूरा मामला
बिलासपुर। युवती से 14 साल तक रेप करने वाले डॉक्टर का डीएनए (DNA) टेस्ट कराने का आदेश छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने दिया है। युवती ने एक बच्ची को जन्म दिया था जिसका पिता उसने डॉक्टर को बताया था। मामले में युवती की शिकायत पर डॉक्टर को गिरफ्तार भी किया गया। लेकिन उसने अपना DNA देने से मना कर दिया था जिसके बाद युवती ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। वहीं हाईकोर्ट ने पीड़िता की याचिका पर सुनवाई करते हुए डॉक्टर, पीडिता और उसकी बच्ची का DNA टेस्ट कराने का आदेश दिया है।
दरअसल मामला यह है कि, याचिका के मुताबिक बस्तर के एक क्षेत्र में पदस्थ डॉक्टर के पास एक महिला इलाज के लिए जाती थी। उसके साथ 13 साल की उसकी बेटी भी जाती थी। साल 2005 में डॉक्टर ने उसके साथ पहले छेड़छाड़ की फिर मारपीट की और धमकी देते हुए रेप किया। साल 2010 में युवती की मध्यप्रदेश में शादी हो गई। इसके बाद भी डरा-धमका कर युवती से मायके आने पर कई बार दुष्कर्म किया गया। ये सब के बीच साल 2011 में युवती ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसे युवती ने डॉक्टर का बताया है। जिसके बाद साल 2019 में मायके आने पर डॉक्टर ने फिर अपने क्लीनिक में उससे रेप और मारपीट की।
धमकियों और बलात्कार से तंग आकर युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई
बार-बार की धमकी, मारपीट और बलात्कार से तंग आकर इस बार युवती ने हिम्मत जुटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, रेप और अन्य धाराओं में डॉक्टर के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी का ब्लड सैंपल तथा DNA टेस्ट कराने कहा लेकिन इससे उसने इनकार कर दिया। इस पर पीडिता ने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर डॉक्टर का DNA टेस्ट कराने की मांग की थी। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में जस्टिस एन के व्यास की बेंच में हुई। कोर्ट ने कहा कि सच का पता लगाने के लिए डॉक्टर का DNA टेस्ट जरूरी है। विवेचना अधिकारी को उन्होंने पीडिता, उसकी बेटी और डॉक्टर का DNA कराने की अनुमति दी है।










-Banner.jpg)







