बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 12 लाख से अधिक की MDMA और कार जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 12 लाख से अधिक की MDMA और कार जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

21-May-2026    8:23:33 am    41    सावन कुमार- संपादक

 बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए MDMA ड्रग्स की बिक्री की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26.05 ग्राम MDMA और एक एस-क्रॉस कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 12 लाख 95 हजार 500 रुपए आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 को चकरभाठा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक एस-क्रॉस कार क्रमांक CG 28 L 8130 में सवार दो युवक MDMA बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना चकरभाठा पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 26.05 ग्राम MDMA बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मादक पदार्थ बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा (29 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12 चकरभाठा और महेश वर्मा (21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 05 चकरभाठा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बिलासपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध नशे का कारोबार या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत स्थानीय थाना या डायल-112 को सूचना दें, ताकि समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके।