बिलासपुर: नियंत्रण में डायरिया...चार मरीज मिले,तीन हुए भर्ती...

बिलासपुर: नियंत्रण में डायरिया...चार मरीज मिले,तीन हुए भर्ती...

14-Dec-2021    12:06:44 pm    40    Ibtesam Deshmukh

बिलासपुर: आखिर नौ दिन बाद डायरिया का प्रकोप कम हुआ है। सोमवार को तारबाहर में तीन और तालापारा में एक मरीज मिला है। उनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। डायरिया प्रकोप के दौरान अभी तक उल्टी, दस्त के कुल 316 मरीज मिले हैं। उनमें से 278 ठीक हो चुके हैं। सात की मौत हुई है। वहीं 38 मरीज सक्रिय हैं। उनमें से 13 अस्पताल में भर्ती हैं और 25 को घर में रखकर उपचार किया जा रहा है।


शहरी क्षेत्र में चल रहे डायरिया प्रकोप के लेकर एक राहत यह है कि सोमवार को डायरिया से होने वाली मौत का सिलसिला थमा है। वहीं आधा दर्जन प्रभावित क्षेत्र में सिर्फ चार डायरिया मरीज मिले हंै। सोमवार को नगर निगम की टीम सुबह से सक्रिय रही। इस दौरान निगम और स्वास्थ्य विभाग के अमला ने मिलकर जांच शिविर के साथ ही घर-घर दस्तक देने का काम जारी रखा। इसके तहत तालापारा मिनीमाता नगर के 260 घर में सर्वे किया गया।

वहां सिर्फ एक डायरिया पीड़ित मिला। इसी तरह तारबाहर के 290 घरों में सर्वे किया गया। वहां पर तीन डायरिया पीड़ित मरीज मिले। इसके अलावा तालापारा मरीमाई रोड के 350, टिकरापारा के 372, जरहाभाठा मिनी बस्ती के 700 और विनोबा नगर के 102 घरों में दस्तक दी गई। जहां से किसी भी डायरिया मरीज की पहचान नहीं की गई है। सोमवार को मिले कुल चार मरीजों में से तीन की हालत गंभीर रही। ऐसे में इन्हें सिम्स में भर्ती कराया गया है। तकरीबन नौ दिन बार डायरिया की स्थिति में सुधार आया है।
निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने सभी आठ जोन के आयुक्त को नई जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत बस्ती में पाइपलाइन लीकेज मरम्मत, नाली से गुजरी पाइपलाइन की आवश्यक मरम्मत, क्लोरीन टेबलेट वितरण और बीमारी के रोकथाम के लिए जागरूकता, मुनादी आदि का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं जल शाखा ने तालापारा, तारबहार, जरहाभाठा मिनी बस्ती, मरी माई मंदिर रोड व टिकरापारा के कंशा चौक क्षेत्र में कुल 13 स्थानों पर पुरानी जीआइ पाइप लाइन को बंद करवाया है।

बतादे की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके अलावा मरीमाई मंदिर के आसपास और मिनी बस्ती जरहाभाठा क्षेत्र से पाइपलाइन और नलकूप के आठ पानी के सैंपल भी जांच के लिए लिए गए। इससे पहले भी आयुक्त के निर्देश पर अमृत मिशन पार्ट 2 के कार्यपालन अभियंता अनुपम तिवारी और जल शाखा के प्रभारी अजय श्रीवासन के द्वारा वार्ड क्रमांक 26 मरी माई क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

जानकारी के मुताबिक मौजूदा स्थिति में 13 डायरिया मरीजों का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में इनकी स्तरीय उपचार के आदेश चिकित्सकों को दिया गया है। वहीं सोमवार को सिम्स में भर्ती एक मरीज को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है।