बिलासपुर: यार्ड में टकराए दो इंजन...दो चालक निलंबित...

बिलासपुर: यार्ड में टकराए दो इंजन...दो चालक निलंबित...

14-Dec-2021    11:51:47 am    59    Ibtesam Deshmukh

बिलासपुर: रेलवे स्टेशन के करीब आरआरआइ केबिन के पीछे पिट लाइन पर सोमवार की शाम बड़ी चूक सामने आई है। आगे-पीछे करते समय दो इंजन किनारे से टकरा गए। इसके चलते एक इंजन के छह पहिए पटरी से उतर गए। आनन-फानन में अधिकारी व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इधर इस लापवाही के लिए दोनों इंजन के चालक (शंटर) को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।


घटना शाम 4:30 बजे की है। पिट लाइन में इंजनों की मरम्मत की जाती है। इसके लिए यहां हमेशा इंजन खड़े रहते हैं। सोमवार को भी जितने इंजन आए थे, उनकी मरम्मत हो रही थी। इस दौरान शंटर दो इंजन आगे-पीछे कर रहे थे तभी अलग-अलग रेल लाइन में होने के बावजूद दोनों किनारा एक-दूसरे से टकराया गया। जब सूचना मिली तो रेलवे में हड़कंप मच गया। अफसर भी मौके पर पहुंच गए और इंजन को पटरी पर लाने के निर्देश दिए।

साथ ही जांच भी की गई। इस चूक के लिए दोनों इंजन के शंटर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। हालांकि जांच अभी चल रही है। इसलिए इतनी बड़ी चूक कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकार बताते हैं कि चालकों द्वारा फलोइंग मार्क की अनदेखी की गई है।

फलोइंग मार्क वह है जो दो ट्रैक के बीच एक पत्थर रखा जाता है। इसमें एफएम लिखा हुआ है। यह जहां पर रखे जाते हैं नियमानुसार इंजन को इससे आगे नहीं ले जाना है। चालकों ने इसे नजर अंदाज कर दिया हुआ और आगे जाकर दोनों इंजन एक-दूसरे सट गया। इसके चलते घटना हो गई।

घटना की खबर लगते ही इंजीनियरिंग विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। इस दौरान सबसे पहले उतरे पहिए को पटरी पर लाने का काम शुरू हुआ। इस दौरान रेलकर्मियों को करीब चार घंटे लग गए। रात 8:30 बजे के बाद पहिए को चढ़ाया गया। इसके अलावा धीरे-धीरे एक इंजन को आगे बढ़ाया गया। घटना के बाद दोनों एक दूसरे से चिपक गए थे।