धमतरी में खून से सनी घरेलू रंजिश: बाइक को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर कैंची से किया हमला

धमतरी में खून से सनी घरेलू रंजिश: बाइक को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर कैंची से किया हमला

08-Sep-2025    3:28:16 pm    12    Anita nishad

 धमतरी। जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बाइक को लेकर हुए विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर कैंची से हमला कर हत्या की कोशिश की।

मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सोरिद शांति चौक का है। आरोपी की पहचान तेजराम देवांगन उर्फ चुक्कू (35 वर्ष) पिता स्व. रामकुमार देवांगन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तेजराम और उसके छोटे भाई चंद्रकांत उर्फ पिंटू के बीच मोटरसाइकिल को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि चंद्रकांत बार-बार बाइक लेकर जाता और उसे खराब हालत में लौटाता, जिससे दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था।

घटना 06 सितंबर 2025 की रात लगभग 10:30 बजे की है। इसी विवाद को लेकर गुस्से में आए तेजराम ने घर में रखी कैंची उठाई और छोटे भाई चंद्रकांत के पेट व पीठ पर वार कर दिए। हमले में चंद्रकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त कैंची जप्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 109 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।