92 नक्सलियों का सफाया करने वाले जांबाज अफसर लक्ष्मण केंवट को मिलेगा शौर्य चक्र, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

92 नक्सलियों का सफाया करने वाले जांबाज अफसर लक्ष्मण केंवट को मिलेगा शौर्य चक्र, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

18-Aug-2025    11:20:58 am    24    Anita nishad

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर के वीर पुलिस अधिकारी लक्ष्मण केंवट को उनकी अद्वितीय बहादुरी और अदम्य साहस के लिए भारत सरकार द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगी।

लक्ष्मण केंवट ने अब तक 36 से ज्यादा बड़े ऑपरेशनों का नेतृत्व करते हुए 92 कुख्यात नक्सलियों को ढेर किया है। 2007 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए लक्ष्मण की पहली बस्तर पोस्टिंग 2012 में बीजापुर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हुई थी, जहाँ का भयावह माहौल देख वह भी दुविधा में पड़ गए थे — लेकिन चुनौतियों से भागने के बजाय उन्होंने जंग का रास्ता चुना।

"अगर हम डर कर नौकरी छोड़ देंगे तो यहां के आम लोग किस पर भरोसा करेंगे?" — इस सोच ने उन्हें नक्सलियों के खिलाफ़ लड़ने का संकल्प दिलाया।

2014 में पहला एनकाउंटर, फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा
23 मार्च 2014 को उन्होंने अपना पहला सफल एनकाउंटर किया, जिसमें उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला। इसके बाद वह लगातार एक के बाद एक अभियानों में शामिल होते रहे।

कलपर पहाड़ी ऑपरेशन बना टर्निंग पॉइंट
16 अप्रैल 2023 को लक्ष्मण केंवट ने कलपर की पहाड़ियों में 187 जवानों की टीम का नेतृत्व करते हुए 29 नक्सलियों का सफाया किया। इस ऑपरेशन के बाद पूरे बस्तर में पुलिस बल का मनोबल नई ऊंचाइयों पर पहुंचा और कई सफल कार्रवाइयां की गईं।

बुलेट पर गिनती खुद लिखवाते हैं
हर एनकाउंटर के बाद लक्ष्मण अपनी बुलेट पर मारे गए नक्सलियों की संख्या खुद अंकित करवाते हैं। अभी तक उनकी बाइक पर लिखा है “अब तक 83…”, हालांकि वह कहते हैं कि, “92 इतनी जल्दी हो गया कि अपडेट ही नहीं करवा पाया।”

हाल ही के बड़े ऑपरेशन में मारे गए टॉप नक्सली
मानपुर क्षेत्र में हाल ही में हुए एक ऑपरेशन में दो कुख्यात नक्सली विजय रेड्डी और लोकेश सलाम को भी मार गिराया गया। अब लक्ष्मण अपने 100 नक्सलियों को ढेर करने के लक्ष्य से महज 8 कदम दूर हैं।

यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, पूरे बस्तर की बहादुरी और संघर्षशीलता की पहचान है।
टीआई लक्ष्मण केंवट जैसे अफसरों की बहादुरी ही है जो नक्सल प्रभावित इलाकों में एक नया विश्वास जगा रही है।