बंधुत्व की शुरुआत घर से… तभी जगमगाएगा पूरा विश्व – राज्यपाल डेका
रायपुर, 11 सितम्बर 2025।
“अगर घर में भाईचारा नहीं है, तो दुनिया में बंधुत्व का सपना अधूरा रहेगा।”
विश्व बंधुत्व दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में राज्यपाल श्री डेका ने यह प्रेरक विचार रखे।
दुर्गा कॉलेज रायपुर के सभागार में स्वामी विवेकानंद कन्याकुमारी केंद्र शाखा के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1893 में शिकागो धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद का ऐतिहासिक भाषण आज भी विश्व को भाईचारे और मानवता का संदेश देता है।
राज्यपाल ने कहा—“आज मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौतियाँ जलवायु परिवर्तन, जल संकट और माइक्रो प्लास्टिक हैं। अगर इनसे नहीं बचे, तो हमारी सभ्यता भी नहीं बचेगी।” उन्होंने छत्तीसगढ़ में गिरते भू-जल स्तर पर चिंता जताई और रेन वाटर हार्वेस्टिंग व डबरी निर्माण जैसे उपायों पर जोर दिया।
उन्होंने युवाओं से आव्हान किया—“सोचो समाज तुम्हें क्या दे रहा है, यह मत पूछो… बल्कि सोचो तुम समाज को क्या दे रहे हो। जीवन में सफलता के लिए अनुशासन और समय की पाबंदी सबसे ज़रूरी है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रोतिभा मुखर्जी साहूकार ने की। मुख्य वक्ता श्री राकेश चतुर्वेदी (जैव विविधता बोर्ड अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक) रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएँ, युवा और विवेकानंद केंद्र के पदाधिकारी उपस्थित थे।
???? संदेश साफ था—बंधुत्व का दीपक घर से जलाओ, तभी पूरी दुनिया रोशनी से भर उठेगी।

















