कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने दूधाधारी मंदिर में किए श्रीराम दरबार के दर्शन, मांगी प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने राजधानी रायपुर स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी मंदिर, मठपारा में पहुँचकर श्रीराम दरबार के दर्शन और पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।
पूजन के उपरांत मंत्री यादव ने दूधाधारी मठ के महंत पूज्य श्री राम सुंदरदास जी से आशीर्वाद लिया और मंदिर की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्ता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि,
"छत्तीसगढ़ की धार्मिक परंपरा और आध्यात्मिक धरोहर हमारी संस्कृति की पहचान है। इन मूल्यों को संजोकर रखना हम सबका दायित्व है।"
बच्चों से मुलाकात और प्रेरणा
मंदिर दर्शन के बाद मंत्री यादव ने मंदिर परिसर में मौजूद स्कूली बच्चों से भेंट की। बच्चों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं मंत्री ने भी उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की अच्छी-खासी भीड़ रही, जिन्होंने मंत्री यादव का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

















