छत्तीसगढ़: साय कैबिनेट का विस्तार कल, तीन नए मंत्री लेंगे शपथ

छत्तीसगढ़: साय कैबिनेट का विस्तार कल, तीन नए मंत्री लेंगे शपथ

19-Aug-2025    11:33:13 am    154    Anita nishad

 रायपुर। लंबे इंतजार और सियासी हलचलों के बाद आखिरकार छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार का कैबिनेट विस्तार कल, बुधवार को किया जाएगा। इस अवसर पर तीन नए मंत्री साय सरकार में शामिल होंगे और शपथ ग्रहण करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को पूरे दिन मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज रहीं। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि शपथ ग्रहण मंगलवार को हो सकता है। इसी क्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने राज्यपाल से मुलाकात की, जबकि देर शाम अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साव और दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और सीएम साय से मुलाकात की।
 

हालांकि, देर शाम खबर आई कि शपथ ग्रहण फिलहाल टाल दिया गया है। मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल में भी शपथ ग्रहण का कोई उल्लेख नहीं था। लेकिन अब यह पुष्ट हो चुका है कि कैबिनेट विस्तार कल किया जाएगा।
 

कौन बन सकता है मंत्री?

भाजपा नेतृत्व द्वारा 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा है। संभावित नए मंत्रियों में जिन नामों की सबसे अधिक चर्चा हो रही है, उनमें दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, और बिलासपुर के वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल प्रमुख हैं।
 

गजेंद्र यादव को उनके सामाजिक आधार और संगठन से जुड़ाव को देखते हुए मौका मिल सकता है। उनके पिता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में प्रांत संचालक रह चुके हैं। वहीं, राजेश अग्रवाल भी पार्टी के पुराने और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं।
 

अनुसूचित जाति वर्ग से प्रतिनिधित्व देने के मद्देनजर गुरु खुशवंत साहेब का नाम भी चर्चा में है। वे रायपुर संभाग के आरंग से विधायक हैं। इस क्षेत्र से फिलहाल केवल टंकराम वर्मा मंत्री हैं। इससे पहले बृजमोहन अग्रवाल भी इसी संभाग से मंत्री रहे हैं। ऐसे में सामाजिक और भौगोलिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए खुशवंत को मौका दिया जा सकता है।
 

साय सरकार के इस पहले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि किन चेहरों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जाती है और इससे सरकार की कार्यशैली में क्या नए संकेत मिलते हैं।