लोकसभा में छत्तीसगढ़ का प्रदूषण मुद्दा गरमाया: MP बृजमोहन अग्रवाल ने मांगा त्वरित और ठोस कार्रवाई

लोकसभा में छत्तीसगढ़ का प्रदूषण मुद्दा गरमाया: MP बृजमोहन अग्रवाल ने मांगा त्वरित और ठोस कार्रवाई

19-Aug-2025    6:50:17 pm    23    Anita nishad

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते प्रदूषण को लेकर आज लोकसभा में बड़ा सत्र हुआ, जिसमें रायपुर के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश की पर्यावरणीय स्थिति को गंभीरता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को नियम 377 के तहत प्रदेश के प्रदूषण के मुद्दे से अवगत कराते हुए शीघ्र और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

अग्रवाल ने बताया कि देश के 131 “नॉन-अटेन्मेंट सिटीज़” में से छत्तीसगढ़ के तीन बड़े शहर — रायपुर, कोरबा और भिलाई — प्रदूषण स्तर के लिहाज से शामिल हैं। इसके अलावा रायगढ़ और जांजगीर-चांपा की स्थिति भी चिंताजनक है। रायपुर के बाहरी इलाक़ों जैसे सिलतरा, उरला और बोरझरा में भारी उद्योगों के कारण वायु एवं जल प्रदूषण अत्यधिक बढ़ा है, जो स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और आजीविका को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है।

सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने नागपुर स्थित NEERI से रायपुर के 142 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का अध्ययन कराया है। उन्होंने इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करने और उसमें सुझाए गए उपायों की कार्यवाही की जानकारी साझा करने की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पूरे प्रदेश का विस्तृत पर्यावरण अध्ययन कराएं ताकि 2025 तक की स्पष्ट पर्यावरणीय स्थिति सामने आ सके।

अग्रवाल ने जैविक प्रजातियों के संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि इससे जल, जंगल, जमीन और हवा शुद्ध होगी और किसानों को प्रदूषण मुक्त भूमि तथा बेहतर कृषि उत्पादन मिलेगा।

उन्होंने पर्यावरण मंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर छत्तीसगढ़वासियों को स्वच्छ हवा और साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया।