छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल द्वारा अल्प बचत खाता खोलने के लिए 25 और 26 मई को विशेष अभियान का आयोजन
छत्तीसगढ़ के नागरिकों को सुरक्षित निवेश और वित्तीय रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। छत्तीसगढ़ डाक परिमण्डल के सभी डाकघरों में आगामी दिनांक 25 मई और 26 मई 2026 को अल्प बचत खाता खोलने का एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान राज्य का कोई भी नागरिक, जो सुरक्षित और लाभकारी सरकारी योजनाओं में निवेश करना चाहता है, वह लाभ उठा सकता है । निवेशक इसके लिए या तो सीधे अपने नजदीकी डाकघर में जा सकते हैं अथवा राज्य सरकार द्वारा नियुक्त अधिकृत एजेंटों के माध्यम से भी अपना निवेश सुनिश्चित कर सकते हैं, जिनकी इस अभियान में सक्रिय सहभागिता रहेगी ।
डाक विभाग के अंतर्गत आम जनता की विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई प्रकार की लोक-कल्याणकारी अल्प बचत योजनाएं संचालित की जा रही हैं । इस अभियान के तहत नागरिक डाकघर की विभिन्न प्रमुख योजनाओं जैसे कि मासिक आय योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, सार्वजनिक भविष्य निधि, आवर्ती जमा खाता, सावधि जमा खाता और सामान्य बचत खाता में अपने खाते खुलवा सकते हैं । इस आधिकारिक विज्ञप्ति के माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य के सभी नागरिकों से विशेष अपील की जाती है कि वे समय रहते अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क करें और इन विभिन्न अल्प बचत योजनाओं में अपना खाता खोलकर इस विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं।

















