छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव: रंगोली से क्विज तक… मिलेट्स प्रदर्शनी और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों से जिलों में छाया उत्सव का रंग
रायपुर, 11 सितम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का जश्न प्रदेश के हर जिले में रंग बिखेर रहा है। दुर्ग से लेकर दंतेवाड़ा, सूरजपुर से लेकर जशपुर तक विविध कार्यक्रमों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
दुर्ग जिले में मिलेट्स प्रदर्शनी और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित हुआ। वहीं सियान जतन कार्यक्रम के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का विशेष स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि वितरण किया गया।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में बच्चों ने "हर दिन हर घर आयुर्वेद" विषय पर अपनी रचनात्मकता चित्रकला के माध्यम से दिखाई। स्वास्थ्य शिविर में 70 लाभार्थियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड दिए गए।
बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम क्षेत्र में दिव्यांगजनों को वॉकिंग स्टिक एवं सहायक उपकरण बांटे गए। सूरजपुर जिले में क्विज, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता ने युवाओं के उत्साह को चरम पर पहुँचा दिया।
दंतेवाड़ा जिले के आईटीआई गीदम में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने “छत्तीसगढ़ का गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा” को रंगों के माध्यम से जीवंत किया। वहीं जशपुर जिले में पोषण माह और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम, कानूनी अधिकारों और महिला हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 15 से 18 सितम्बर तक पारंपरिक खेल जैसे रस्साकशी, खो-खो, फुगड़ी, बाल्टी बॉल और कबड्डी का आयोजन होगा। इसका समापन 24 सितम्बर को जिला स्तरीय रजत महोत्सव के साथ होगा, जिसमें महिला स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी और बैंकिंग गतिविधियाँ भी शामिल होंगी।
???? महोत्सव का संदेश साफ है—छत्तीसगढ़ की संस्कृति, स्वास्थ्य, महिला शक्ति और परंपराओं का संगम ही रजत महोत्सव की असली पहचान है।

















