उप पुलिस अधीक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह में सीएम भूपेश बघेल शामिल हुए
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ पुलिस हर तरह की चुनौती से निपटने में सक्षम है साथ ही उनकी सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। बतादे की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस पुलिस एकेडमी में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षकों के दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हुए। वहीं चंदखुरी में दसवें बैच के 33 और ग्यारहवें बैच के 9 प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षकों ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। शुक्रवार को सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री बघेल दीक्षांत समारोह मे शामिल हुए, इसके बाद परेड ने मुख्यमंत्री को सलामी दी। सलामी के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षार्थियों को शपथ ग्रहण कराया। दीक्षांत परेड समारोह में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय विकास मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया और छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा भी सम्मिलित हुए। परेड के मार्च पास्ट के बाद महानिदेशक, पुलिस अकादमी डी एम अवस्थी ने इस अवसर पर स्वागत भाषण दिया और प्रतिवेदन का वाचन किया।

















