बस्तर की तबाही का सच जानने खुद पहुंचे CM! हवाई निरीक्षण के बाद बड़े फैसले के संकेत
रायपुर/बस्तर।
बस्तर में आई भीषण बाढ़ की भयावहता को खुद देखने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद थे।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिले के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सूत्रों के अनुसार, बाढ़ राहत कार्यों को तेज़ करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं। बैठक में प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है कि अब तक कितनी मदद जमीन पर पहुंच पाई है और किन इलाकों में अब भी संकट बरकरार है।
प्रशासन द्वारा राहत शिविरों की व्यवस्था की गई है, जहां बाढ़ पीड़ितों को भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही डोनेशन के माध्यम से कपड़ों का वितरण भी किया जा रहा है। रोटरी क्लब और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर ज़रूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता नीतीश वर्मा ने जानकारी दी कि अब तक करीब 100 से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 22 मकान पूरी तरह तबाह हो चुके हैं, जबकि कई अन्य को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
बस्तर की जनता को अब राज्य सरकार की ठोस कार्ययोजना का इंतज़ार है — क्या यह सिर्फ़ राजनीतिक दौरा था या राहत का असली रोडमैप जल्द सामने आएगा?

















