रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को CM साय की भावभीनी श्रद्धांजलि… कहा- समाज के लिए अपूरणीय क्षति

रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को CM साय की भावभीनी श्रद्धांजलि… कहा- समाज के लिए अपूरणीय क्षति

08-Sep-2025    3:28:53 pm    12    Anita nishad

 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन स्थित निवास पहुँचे और रायपुर की पहली महिला विधायक एवं समाजसेवी स्वर्गीय रजनी ताई उपासने को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने रजनी ताई के योगदानों को स्मरण करते हुए शोक संतप्त परिजनों से भेंट की और उन्हें सांत्वना दी।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, संतोष शर्मा, जगदीश उपासने सहित परिजन भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा—
रजनी ताई का निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के कठिन दौर में उनका साहस और धैर्य प्रेरणादायी रहा है। अपने कार्यकाल में उन्होंने हमेशा जनता के हितों और रायपुर के विकास को प्राथमिकता दी। सादगी, ईमानदारी और समाज से गहरे जुड़ाव के कारण वे हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगी। महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष याद किया जाएगा।”

साय ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।

गौरतलब है कि रजनी ताई उपासने का हाल ही में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर उन्होंने इतिहास रचते हुए रायपुर की पहली महिला विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। उस दौर में जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित थी, तब जनता का विश्वास जीतना उनके साहस और संघर्ष का प्रतीक था।