CM विष्णुदेव साय का बड़ा बयान: 2014 से पहले ठहरी थी भारत की रफ्तार… अब मोदी राज में चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम करते हुए 140 करोड़ नागरिकों की चिंता कर रहे हैं।
साय ने दावा किया कि बीते 11 वर्षों में भारत ने आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले, जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब भारत वैश्विक स्तर पर 10वें स्थान पर था और आर्थिक रूप से स्थिर पड़ चुका था। लेकिन नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत ने निरंतर प्रगति की और आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तर पर भारत का सम्मान जिस तरह से बढ़ा है, वह मोदी नेतृत्व की उपलब्धि है। न केवल अर्थव्यवस्था बल्कि वैश्विक मंचों पर भी भारत ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी नीतियों ने भारत को पीछे धकेला था, लेकिन 2014 के बाद मोदी सरकार ने विकास, निवेश और बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता देकर देश को नई दिशा दी।
साय ने कहा कि गरीब कल्याण, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आधारभूत संरचना जैसी योजनाओं ने हर वर्ग को जोड़ा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज भारत तकनीक, स्टार्टअप्स, डिजिटल सेवाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और निर्णायक नीतियों का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा से विदेशी निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है, जिसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था पर दिख रहा है।
साय ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत और तेजी से प्रगति करेगा और वैश्विक मंच पर अग्रणी भूमिका निभाएगा।

















