कलेक्टर  धावड़े ने तिरंगा पट्टा और राजस्व मामलों के प्रकरण के शीघ्र निराकरण के दिये निर्देश

कलेक्टर धावड़े ने तिरंगा पट्टा और राजस्व मामलों के प्रकरण के शीघ्र निराकरण के दिये निर्देश

11-Jan-2022    7:32:21 pm    274    Sawankumar

 कोरिया 11 जनवरी 2022/ कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को तिरंगा पट्टा के प्रकरणों का निराकरण, राजस्व मामलों के प्रकरण नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा का निराकरण समय-सीमा में करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वन विभाग को एफआरए क्लस्टर चिन्हांकित करने के निर्देश दिए जिससे सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराते हुए जनजातीय किसानों को कृषि कार्यों में नवाचार से जोड़ा जा सके।
कलेक्टर ने बैठक में सभी सीईओ जनपद पंचायत से संबंधित विकासखण्ड में मनरेगा अंतर्गत चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में बैठक कर सभी ग्राम पंचायतों में स्वीकृत, निर्माणाधीन और अपूर्ण कामों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में मनरेगा एवं विभागीय कार्यों की भी समीक्षा होगी। बैठक में सभी कार्य एजेंसियां भी शामिल होंगी।
बैठक में कलेक्टर ने समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पाव-पविया समाज के स्कूली छात्रों के जाति प्रमाणपत्र बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी हितग्राही प्रमाण पत्र से वंचित न रहे। बैठक में उन्होंने ईई सीएसईबी को विकासखण्ड मनेन्द्रगढ़ के ग्राम बुंदेली में बिजली पोल लगवाने के आवेदन पर आवश्यकतानुसार परीक्षण कर कार्यवाही के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने उप संचालक कृषि से पीएम किसान के अंतर्गत पंजीकृत कृषकों के वित्तीय भुगतान और पीएम किसान पोर्टल में सभी वनाधिकार पट्टा धारी किसानों के पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में लगे समस्त कोरिया नीर के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित जनपदों और नगरीय निकायों को कोरिया नीर के प्रबंधन एवं संचालन के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री धावड़े ने अपर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग को जिले में संचालित स्कूलों, छात्रावासों, आश्रमों के निरीक्षण तथा उचित व्यवस्था बनाये रखने के लिए सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम विभाग के तहत ई-श्रम पोर्टल में श्रमिकों का पंजीयन और विभाग द्वारा संचालित योजनाओ की जानकारी ली।
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जल जीवन मिशन, सौर ऊर्जा उपकरण स्थापित करने, वजन त्यौहार, धान खरीदी एवं वैक्सीनेशन की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टोरेट परिसर में वाहन पार्किंग एरिया के विस्तार करने के निर्देश दिए। जिससे कलेक्टोरेट परिसर में वाहनों को व्यवस्थित किया जा सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुणाल दुदावत, अपर कलेक्टर श्री सुखनाथ अहिरवार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।