कलेक्टर धावड़े ने कोविड हॉस्पिटल पहुंचकर समस्त चिकित्सीय सुविधाओं का किया मुआयना...अग्रिम तैयारी के रूप में सभी मेडिकल सुविधाओं, उपकरणों और ऑक्सीजन आपूर्ति की टेस्टिंग के दिए निर्देश...
कोरिया/ विश्व मे तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के साथ ही देश और प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरिया जिले में कोविड 19 तथा ओमिक्रोन वायरस के संक्रमण के खतरे से अलर्ट होकर जिला प्रशासन द्वारा सभी स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ी तैयारियां पुख्ता की जा रही हैं।
इसी कड़ी में आज कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने कंचनपुर स्थित कोविड हॉस्पिटल का सघन निरीक्षण कर सभी वार्डों में बेड, मेडिकल उपकरण, ऑक्सीजन की आपूर्ति और स्वच्छता का मुआयना किया। वर्तमान में कोविड हॉस्पिटल में एक भी मरीज भर्ती नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभी मेडिकल सुविधाओं और उपकरणों के सही संचालन की जांच के लिए एक बार मॉक ड्रिल करें। जिससे आपात स्थिति में किसी तरह की समस्या ना हो। इसी तरह जिन बेड को ऑक्सीजन बेड के रूप में तैयार किया गया है। उन्हें पूरी क्षमता के साथ संचालित करके टेस्टिंग कर ली जाये।
जिले में कोविड 19 के इलाज हेतु जिला प्रशासन की तैयारियों पर एक नजर -
कोरिया जिले में कोरोना की तीसरी लहर से सुरक्षा के मद्देनजर ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना से जिले में स्वास्थ्य सुविधा मजबूत हुई है। कोविड 19 हेतु आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सभी स्वास्थ्य केंद्रों में है।
5 कोविड केयर सेंटर, एवं सभी स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 736 बेड उपलब्ध, आईसीयू, एचडीयू सहित पीडियाट्रिक वार्ड, वेंटीलेटर, मल्टी पैरामॉनिटर तैयार - वर्तमान में जिले में 5 कोविड केअर सेंटर हैं। जिनमें इसीटीएच कंचनपुर में 326, एसईसीएल हॉस्पिटल चरचा में 50, मनेन्द्रगढ़ में 50 और चिरमिरी में 50 और कोविड केयर सेंटर जनकपुर में 20 बेड उपलब्ध हैं। साथ ही सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर की सुविधा के साथ बेड तैयार किये गए हैं। इस तरह कुल 736 बिस्तर उपलब्ध हैं। जिसमें आईसीयू के लिए 53, एचडीयू के लिए 8, आईसीयू व एचडीयू के अतिरिक्त आक्सीजन युक्त 360, सामान्य 315 बिस्तर शामिल हैं। साथ ही बच्चों के लिए आईसीयू के 53 में से 27 बिस्तर उपलब्ध हैं।
जिले में पर्याप्त मात्रा में उपकरण भी तैयार हैं। जिसमें 28 वेंटीलेटर व्यस्कों को लिए, 4 पीडियाट्रिक वेंटीलेटर, 17 मल्टी पैरामानिटर, 432 ऑक्सीजन सिलिंडर जंबो, 273 ऑक्सीजन छोटे सिलिंडर, 298 ऑक्सीजन कान्सेंट्रेर, एक्स-रे, 10 इंफ्यूजन मशीन एवं 10 इंफ्यूजन पंप शामिल हैं।
ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना से जिले में स्वास्थ्य सुविधा मजबूत - कोविड हॉस्पिटल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया है, जिसकी स्टोर टैंक की कैपासिटी 3 हजार लीटर है। इस प्लांट के माध्यम से दी जाने वाली आक्सीजन सप्लाई सामान्य अवस्था में 100 बेड की है। आक्सीजन की मांग अधिक होने पर यह प्लांट 50-54 बेड में आक्सीजन सप्लाई दे सकते हैं। आक्सीजन प्लांट की कैपासिटी 500 एलपीएम है। जिला चिकित्सालय में भी 1000 एलपीएम के आक्सीजन प्लांट की स्थापना की गई है।

















