कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण किसानों से चर्चा कर खरीदी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली उपार्जित धान के उठाव में तेजी लाने के निर्देश
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 01 दिसंबर 2022/ मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कलेक्टर श्री पी.एस. ध्रुव ने धान खरीदी केन्द्र कौड़ीमार एवं बरदर का औचक निरीक्षण कर वहां धान खरीदी की व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने इस मौके पर धान बेचने आए किसानों से चर्चा की और वहां क्रय धान की तौलाई कराकर वजन की मात्रा भी देखी। कलेक्टर ने किसानों से धान की तौलाई, भुगतान की स्थिति और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद खाद्य विभाग के अधिकारियों को समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान से उठाव में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। बरदर केन्द्र में धान बेचने आए किसानों ने गांव के समीप धान की खरीदी की व्यवस्था होने पर प्रसन्नता जताई।

















