कलेक्टर श्री धावड़े ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जाति प्रमाण पत्र तैयार करवाने शिक्षा और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय के दिए निर्देश, शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
कोरिया - कलेक्टर श्री श्याम धावड़े की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री धावड़े द्वारा शिक्षा विभाग की एजेंडावार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जाति प्रमाण पत्र तैयार करवाने के संबंध में निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक विकास खंड शिक्षा अधिकारी, राजस्व विभाग से समन्वय बनाते हुए लक्ष्य अनुरूप जाति एवं निवास प्रमाण पत्र शत-प्रतिशत तैयार करवाएं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जाति प्रमाण पत्र जारी करने के नियमों में सरलीकरण किया गया है। जिससे प्रमाण पत्र जारी करने में आसानी होगी। इसके लिए उन्होंने 30 अगस्त तक समय दिया है।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री कुणाल दुदावत ने कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में चर्चा करते हुए शिक्षा विभाग के प्रत्येक विद्यालय में कार्यरत प्राचार्य, शिक्षक एवं गैर शिक्षकीय स्टाफ द्वारा अनिवार्य रूप से कोविड वैक्सीनेशन लगवाने का प्रमाण पत्र प्रदर्शित करने कहा एवं जिनके द्वारा वैक्सीनेशन नहीं किया है, उन्हें तीन दिवस के अंदर वैक्सीनेशन कराकर प्रमाण पत्र लेने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, जिला परियोजना अधिकारी साक्षर भारत, सहायक कार्यक्रम समन्वयक समग्र शिक्षा, सभी विकासखंड के विकास खंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी शामिल हुए।

















