नगर निगम की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
24-Jun-2026
7:52:02 am
146
सावन कुमार- संपादक
चिरमिरी। नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं नगर निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर कांग्रेस पार्षद दल एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।ज्ञा

पन में नगर निगम कर्मचारियों के कई महीनों से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान, बरसात के मौसम को देखते हुए नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या का निराकरण तथा मच्छरों और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए कीटनाशक एवं ब्लीचिंग पाउडर के नियमित छिड़काव की मांग की गई। इसके अलावा शहर में जर्जर पेड़ों की छंटाई एवं आवश्यक स्थानों पर पेड़ कटाई का कार्य प्राथमिकता से कराने की बात भी रखी गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं मानसून के दौरान नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
कांग्रेसजनों ने आयुक्त से जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की तथा चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी के अध्यक्ष शिवांश जैन, नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा, उपनेता प्रतिपक्ष मोहम्मद इकराम, पार्षद राहुल भाई पटेल, मो. शहाबुद्दीन, सनी चौथा, मुमताज कुरैशी, सुभाष देवनाथ, अशरफ अली, शुभम सलूजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।