डायरिया की चपेट में दर्री पारा: 2 मौतें, 12 गंभीर रूप से बीमार — क्या प्रशासन उठाएगा तत्काल कदम?

डायरिया की चपेट में दर्री पारा: 2 मौतें, 12 गंभीर रूप से बीमार — क्या प्रशासन उठाएगा तत्काल कदम?

19-Aug-2025    6:48:12 pm    20    Anita nishad

 कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पाली स्थित दर्री पारा मोहल्ले में डायरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। यहां अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार हैं।

60 वर्षीय संपत्त सिंह को समय पर इलाज न मिलने के कारण 24 घंटे के भीतर ही जान गंवानी पड़ी। इसके बाद रविवार को बाबू लाल गोड़ की भी डायरिया से मौत हो गई। दोनों मृतक दर्री पारा मोहल्ले के निवासी थे।

बीमार पड़े लोगों में गनपत, सुकरिया बाई, राम लाल देवशनिया, मान सिंह, नीरा बाई सोहन, पार्वती, सावित्री, राजु, हिरमतिया ज्ञान सिंह, काजल रूप सिंह और तिलेश्वर शामिल हैं, जिनका उपचार पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

दर्री पारा की लगभग 260 की आबादी के बीच स्थिति चिंताजनक है। यहां के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले 32 में से केवल 5 बच्चे ही स्कूल आ पा रहे हैं, जो इस समस्या की गंभीरता को दर्शाता है। प्रधान पाठक जय कुंवर ने इस कमी की पुष्टि की है।

पाली उप स्वास्थ्य केंद्र के आरएचओ आनंद कुमार सोरठे ने बताया कि करीब एक दर्जन मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मृतक संपत्त सिंह के परिवार ने शासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। इतना ही नहीं, हालात इतने विकट हैं कि मृतकों के क्रिया-कर्म भी अभी तक नहीं हो पाए हैं।