दिल्ली ब्लास्ट को लेकर अलर्ट
दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट की घटना के बाद छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने जिले के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, मॉल और जिले की सीमाओं पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग और भिलाई रेलवे स्टेशन में सुबह से ही रेलवे पुलिस, एंटीसेबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा हर यात्री और सामान की जांच की जा रही है। जिले की सीमाओं में नाकेबंदी कर बाहर से आने वाले वाहनों की सतत चेकिंग जारी है। सभी थाना और चौकी प्रभारी अपनी टीमों के साथ चेकिंग अभियान में जुटे हैं।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि जिले को हाईलाइट जोन घोषित किया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।दुर्ग पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से संयम और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है, साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।इस घटना की निंदा करते हुए भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में हुआ बम ब्लास्ट बेहद दुखद और देश की सुरक्षा पर गंभीर हमला है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इस घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाएं और यदि इसमें आतंकी संगठन शामिल हैं तो उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा न जाए।

















