चिरमिरी में सिटी बस सेवा बहाल करने की मांग तेज, युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

चिरमिरी में सिटी बस सेवा बहाल करने की मांग तेज, युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

09-Jul-2026    7:07:45 pm    62    सावन कुमार- संपादक

एमसीबी जिले में वर्षों से बंद पड़ी चिरमिरी नगर निगम की सिटी बस सेवा को फिर से शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। भारतीय युवा कांग्रेस ने जिला प्रशासन से जनहित में जल्द बस सेवा बहाल करने और बैकुंठपुर–मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी मार्ग पर नियमित बस संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पियूष ताम्रकार ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बंद होने से सबसे अधिक परेशानी छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजाना सफर करने वाले नागरिकों को हो रही है। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे लोगों को निजी व महंगे वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
 
ज्ञापन में डोमनहिल, कोरिया कॉलरी, बरतूंगा सहित आसपास के क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि इन इलाकों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, रोजगार, इलाज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बैकुंठपुर, मनेन्द्रगढ़ और चिरमिरी आते-जाते हैं। नियमित और सस्ती बस सेवा नहीं होने से आम जनता को आर्थिक और समय दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने यह भी कहा कि पहले सिटी बस सेवा के संचालन से नागपुर रोड रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलती थी। सेवा बंद होने के बाद यात्रियों की निर्भरता निजी वाहनों पर बढ़ गई है।
संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए चिरमिरी की सिटी बस सेवा जल्द बहाल की जाए और बैकुंठपुर–मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी मार्ग पर नियमित बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके।