कमल तोड़ने उतरे… उप कुलसचिव की तालाब में दर्दनाक मौत, नहीं बचा पाए डॉक्टर
दुर्ग। स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई के उप-कुलसचिव प्रोफेसर भास्कर चंद्राकर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा ग्राम पतोरा (उतई) का है।
जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर की शाम 5 बजे कार्यालयीन कार्य के बाद प्रोफेसर चंद्राकर मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) के साथ अपने उतई स्थित प्लॉट देखने गए थे। रायपुर लौटते समय वे ग्राम पतोरा के तालाब में कमल का फूल तोड़ने उतरे। इसी दौरान कमल की जड़ों और दलदल में फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।
सहकर्मी ने तत्काल गांव वालों की मदद से उन्हें तालाब से बाहर निकाला और CPR देकर नज़दीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएसपी सेक्टर-9 हॉस्पिटल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर दुर्ग से रायपुर स्थित उनके निवास पचपेड़ी नाका, नवजीवन कॉलोनी ले जाया जाएगा। अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे किया जाएगा।

















