162 करोड़ का फर्जीवाड़ा! मोक्षित कॉरपोरेशन और 85 फर्मों पर GST इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई

162 करोड़ का फर्जीवाड़ा! मोक्षित कॉरपोरेशन और 85 फर्मों पर GST इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई

08-Sep-2025    3:27:04 pm    12    Anita nishad

 रायपुर। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस, रायपुर ज़ोनल यूनिट ने मेसर्स मोक्षित कॉरपोरेशन और उससे जुड़ी 85 फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने इन फर्मों को 162.22 करोड़ रुपये के कर योग्य मूल्य पर 28.46 करोड़ रुपये के अनुचित इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का नोटिस जारी किया है।

फरवरी 2024 से शुरू हुई जांच में खुलासा हुआ कि मोक्षित कॉरपोरेशन ने फर्जी इनवॉइस के जरिए बड़े पैमाने पर GST अपवंचन किया। जांच के दौरान विभागीय टीमों ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में कई ठिकानों पर तलाशी और निरीक्षण किया।

जांच में सामने आया कि कंपनी के पार्टनर शशांक चोपड़ा ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर दर्जनों फर्जी फर्में बनाईं। इन फर्मों के जरिए अनुचित ITC का दुरुपयोग, मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध लेन-देन को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, इस पूरे नेटवर्क में 200 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।

विभाग ने मोक्षित कॉरपोरेशन पर 28.46 करोड़ रुपये की कर मांग की है और संबद्ध 85 फर्मों को दंड नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह कार्रवाई न केवल बड़े पैमाने पर चल रहे GST फर्जीवाड़े को उजागर करती है, बल्कि भविष्य में ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।