लाल किले की प्राचीर से PM मोदी ने दिया आत्मनिर्भर भारत का मंत्र, स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए दुकानदारों को दिया खास सुझाव

लाल किले की प्राचीर से PM मोदी ने दिया आत्मनिर्भर भारत का मंत्र, स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए दुकानदारों को दिया खास सुझाव

15-Aug-2025    4:59:58 pm    37    Anita nishad

 नई दिल्ली: देश आज 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत का मजबूत संदेश दिया। उन्होंने विकास के संकल्प को दोहराते हुए विशेष रूप से देश के दुकानदारों और व्यापारियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वे चाहते हैं कि सभी दुकानदार और व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर बोर्ड लगाएं, जिसमें लिखा हो: "यहां स्वदेशी माल बिकता है।" यह पहल स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और देश की आर्थिक मजबूती को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम होगी।

 

पीएम मोदी ने कहा, “हमें स्वदेशी पर गर्व होना चाहिए, इसे मजबूरी नहीं बल्कि अपनी ताकत के रूप में अपनाना चाहिए। यह हम सभी की जिम्मेदारी है।”

उन्होंने देशवासियों से कहा कि आज 140 करोड़ लोगों का एक ही मंत्र होना चाहिए — समृद्ध भारत। उन्होंने यह भी जोर दिया कि जैसे पूर्व पीढ़ी ने स्वतंत्र भारत के लिए बलिदान दिया, वैसे ही वर्तमान पीढ़ी को समृद्ध भारत के लिए नए कदम उठाने होंगे।


प्रधानमंत्री मोदी ने 'वोकल फॉर लोकल' को आत्मनिर्भर भारत की नींव बताते हुए कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना और उनका समर्थन करना समय की मांग है।