गरियाबंद कलेक्टर छिकारा ने राजनैतिक दलों की ली बैठक, आदर्श आचार संहिता के बारे में दी आवश्यक जानकारी

गरियाबंद कलेक्टर छिकारा ने राजनैतिक दलों की ली बैठक, आदर्श आचार संहिता के बारे में दी आवश्यक जानकारी

10-Oct-2023    1:53:35 pm    74    Ibtesam Deshmukh

गरियाबंद आकाश छिकारा ने निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 की तैयारियां के संबंध में आदर्श आचार संहिता लगने के उपरांत जिला कार्यालय के सभाकक्ष में  राजनैतिक दलों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक जानकारी दिए। 
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों को जानकारी देते हुए बताया कि आदर्श आचार संहिता निर्वाचन की घोषणा के समय और दिन से लागू हो जाती है। उन्होंने राजनैतिक दलों और निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा निर्वाचन के घोषणा के बाद से प्रक्रिया पूरी होने तक नियम एवं कानून के दायरे में क्या करना चाहिए एवं क्या नहीं करना चाहिए उसके बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी जुलूस की शुरुआत और समाप्ति का समय और स्थान पहले से तय किया जाना चाहिए और उसकी अनुमति लिखित तौर पर होनी चाहिए। इसके साथ ही सभी दलों/ अभ्यर्थियों को निर्वाचन के समान अवसर सुनिश्चित कराने के लिए सार्वजनिक स्थान में सभा करने की अनुमति दी जा सकेगी। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन अभियान में लगे सभी राजनैतिक कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र लगाए जाने हेतु सलाह देते हुए चुनाव से जुड़ी सभी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।