बस्तर आपदा पर गोवा का बड़ा कदम… 5 करोड़ की मदद से CM प्रमोद सावंत ने दिखाया ‘एकजुट भारत’ का संदेश

बस्तर आपदा पर गोवा का बड़ा कदम… 5 करोड़ की मदद से CM प्रमोद सावंत ने दिखाया ‘एकजुट भारत’ का संदेश

08-Sep-2025    3:26:31 pm    10    Anita nishad

 रायपुर। बस्तर में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बीच गोवा सरकार ने इंसानियत और एकजुटता की मिसाल पेश की है। गोवा सरकार ने बस्तर के लिए 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की है।

इस मदद के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत का आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद प्रमोद सावंत जी। आपका सहयोग न केवल प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास में मदद करेगा, बल्कि यह भी दर्शाता है कि हमारा देश एकजुट होकर हर संकट का सामना कर सकता है। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग बस्तर संभाग के प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा।”

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ट्वीट कर जानकारी दी कि हाल ही में छत्तीसगढ़ और पंजाब में आई प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। ऐसे समय में गोवा सरकार और जनता दोनों राज्यों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से छत्तीसगढ़ और पंजाब को 5-5 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, ताकि राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

प्रमोद सावंत ने लिखा—
“इस चुनौती से निपटने के लिए एकजुट राष्ट्र के प्रयासों में गोवा हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।”

गोवा सरकार की इस मदद ने प्रभावित लोगों को नई उम्मीद दी है और साथ ही यह संदेश भी दिया है कि संकट की घड़ी में पूरा देश एकजुट है।