GRP को मिली बड़ी सफलता: दुर्ग रेलवे स्टेशन से अपहृत 18 माह का बालक तमिलनाडु से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर/दुर्ग। शासकीय रेल पुलिस (GRP) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दुर्ग रेलवे स्टेशन से अपहृत 18 माह के मासूम बच्चे को तमिलनाडु के तंजावूर से सकुशल बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी अरुमुगम (45 वर्ष), निवासी तिरूनिलपुडी, तंजावूर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह घटना 26 जुलाई की रात की है जब सूर्या मानिकपुरी अपनी पत्नी सोनू मानिकपुरी और दो छोटे बच्चों (3 वर्ष एवं 18 माह) के साथ दुर्ग रेलवे स्टेशन स्थित टिकट बुकिंग काउंटर के पास सो रहे थे। सुबह करीब 4 बजे नींद खुलने पर उन्होंने पाया कि उनका 18 माह का बेटा लापता है। तुरंत सूचना देने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन के अनुसार अपहरण का मामला कायम किया।
रेल पुलिस अधीक्षक रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा एवं उप पुलिस अधीक्षक एस.एन. अख्तर के निर्देशन में टीम ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में आरोपी अरुमुगम को मासूम के साथ पुरी-गांधीधाम एक्सप्रेस की बोगी में चढ़ते देखा गया। बाद में वह नागपुर स्टेशन पर भी बच्चे के साथ नजर आया। चंद्रपुर स्टेशन पर जब आरपीएफ ने पूछताछ की तो आरोपी ने बच्चा अपना बताकर आधार कार्ड दिखाया, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस ने सघन छानबीन जारी रखते हुए आरोपी की लोकेशन तमिलनाडु के तंजावूर में ट्रेस की। उप निरीक्षक जनकलाल तिवारी के नेतृत्व में एक टीम वहां पहुंची और बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां सोनू मानिकपुरी को सौंपा। मां को देखते ही बच्चा रोते हुए उसकी गोद में चला गया, यह दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था।
आरोपी अरुमुगम को 10 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।










-Banner.jpg)







