योग के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन की पहल एनआईटी रायपुर में 21 दिवसीय योग प्रोटोकॉल अभ्यास सत्र आयोजित
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए 21 दिवसीय योग प्रोटोकॉल अभ्यास सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष योग सत्र 1 जून से प्रारंभ होकर 30 जून 2026 तक संस्थान परिसर में नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।
IJNH.jpeg)
संस्थान द्वारा आयोजित इस पहल का उद्देश्य योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाते हुए लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा तनावमुक्त एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, कार्य का बढ़ता दबाव और मानसिक तनाव के बीच योग को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी माध्यम माना जा रहा है। इसी उद्देश्य के साथ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर द्वारा यह अभ्यास सत्र आयोजित किया जा रहा है।

आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानकीकृत ‘योग प्रोटोकॉल’ के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास शामिल किए गए हैं। यह प्रोटोकॉल इस प्रकार तैयार किया गया है कि शुरुआती अभ्यासी, विद्यार्थी, शोधार्थी, वरिष्ठ नागरिक तथा नियमित योग साधक सभी इसका लाभ उठा सकें। योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को सही तकनीक एवं वैज्ञानिक पद्धति से योगाभ्यास कराया जा रहा है।
संस्थान परिसर स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम योग हॉल में आयोजित इन सत्रों में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर के शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी एवं उनके परिवारजनों के साथ-साथ संस्थान से बाहर के इच्छुक नागरिक भी भाग ले सकते हैं। योग अभ्यास सत्र सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक तथा सायं 4 बजे से 5:30 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के परिप्रेक्ष्य में आयोजित यह अभ्यास सत्र प्रतिभागियों को योग के प्रति जागरूक करने तथा नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बड़ी संख्या में प्रतिभागी इन सत्रों में उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। सत्र में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी अधिक जानकारी के लिए डॉ. मंजू शुक्ला (7587068170) एवं श्री सूरज निषाद (9713214096) से संपर्क कर सकते हैं।








-Banner.jpg)








