छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश की चेतावनी, 18 से 21 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश की चेतावनी, 18 से 21 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश के आसार

18-Aug-2025    11:22:31 am    40    Anita nishad

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बीते तीन दिनों से रात में जमकर बारिश हो रही है, जिससे मौसम में हल्की ठंडक घुल गई है। हालांकि दिन में तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं।

अब मौसम विभाग ने एक और चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में 18 अगस्त के आसपास नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदेश में झमाझम बारिश होने के पूरे आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 18 से 21 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। विशेष रूप से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, कांकेर, जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है।

रात की बारिश, दिन में धूप और उमस
राज्य के दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग में पिछले कुछ दिनों से हल्की बारिश हो रही है। रविवार रात को भी रायपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, दिन में चटक धूप और अधिक नमी के कारण गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है।

अगले 3–4 दिन सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने नागरिकों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। जलभराव वाले क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है, और किसानों को भी बारिश के मद्देनज़र सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।