हिमाचल में भारी बारिश से हाहाकार: 339 सड़कें बंद, 2,326 करोड़ का नुकसान; अब तक 151 मौतें

हिमाचल में भारी बारिश से हाहाकार: 339 सड़कें बंद, 2,326 करोड़ का नुकसान; अब तक 151 मौतें

23-Aug-2025    5:25:42 pm    126    Anita nishad

 हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में जारी बारिश के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अनेक सड़कें बंद हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बंद हुईं 339 सड़कों में से 162 सड़कें मंडी जिले में और 106 सड़कें निकटवर्ती कुल्लू में हैं।

 रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 305 (औट से सैंज तक) भी बंद है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।   उन्होंने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। नादौन में शुक्रवार शाम से 58.6 मिमी बारिश हुई है। इसके बाद जोगिंदरनगर में 45 मिमी और जट्टन बैराज में 44.2 मिमी बारिश हुई है। नगरोटा सूरियां में 39.2 मिमी, कांगड़ा में 35.7 मिमी, नैना देवी में 34.8 मिमी, पांवटा साहिब में 33 मिमी, धौलाकुआं में 32 मिमी, घाघस में 26 मिमी, भटियात में 22.2 मिमी और नेरी में 20.5 मिमी वर्षा हुई।  2,326 करोड़ रुपए का हुआ नुकसान मौसम विभाग ने बताया कि कांगड़ा, जोर, मुरारी देवी और पालमपुर में गरज के साथ बारिश हुई, जबकि 37-54 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे कुकुमसेरी, सेओबाग और बजौरा के लोग प्रभावित हुए। एसईओसी ने बताया कि 20 जून को मानसून की शुरुआत होने के बाद से हिमाचल प्रदेश में कम से कम 151 लोगों की मौत हुई है और 37 लोग लापता हैं। इसमें कहा गया कि हिमाचल प्रदेश में बारिश से संबंधित घटनाओं में 2,326 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। एसईओसी ने बताया कि राज्य के कुल 172 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 133 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हुई हैं। इस मानसून में अब तक राज्य में 75 बार बाढ़, बादल फटने की 39 और भूस्खलन की 74 घटनाएं हुई हैं।