प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना PM-DDKY और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का ऐतिहासिक शुभारंभ - पीएम मोदी करेंगे बिलासपुर में केन्द्रीय राज्यमंत्री सह बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू होंगे शामिल
बिलासपुर, 10 अक्टूबर 2025 — कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 11 अक्टूबर 2025 को पूसा (एनएएससी परिसर), नई दिल्ली से देशभर के किसानों के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं — प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना (PM-DDKY) और राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ करेंगे। इन योजनाओं की घोषणा केंद्रीय बजट 2025-26 में की गई थी।
कृषि मंत्रालय के निर्देशानुसार, इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के अवसर पर देशभर के कृषि विज्ञान केन्द्रों (KVK), एफपीओ (FPO), कृषि मंडियों और पैक्स (PACS) में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर (छ.ग.) में भी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव वेबकास्टिंग एवं किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
*केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू की उपस्थिति*
बिलासपुर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा सांसद श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
श्री साहू इस दौरान किसानों के बीच प्रधानमंत्री की नई कृषि योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे और किसानों को आत्मनिर्भरता के मार्ग पर अग्रसर होने का आह्वान करेंगे।
कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विश्वास व्यक्त किया है कि ये योजनाएं भारत को कृषि आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाएंगी।
राष्ट्रीय स्तर पर, इस कार्यक्रम में देशभर के 10,000 किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) के 51 लाख से अधिक सदस्य किसानों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 1,100 से अधिक एफपीओ ऐसे हैं जिनका वार्षिक कारोबार ₹1 करोड़ से अधिक है। साथ ही, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत 1 लाख से अधिक किसानों के प्रमाणन की उपलब्धियों का भी जश्न मनाया जाएगा।

















