चिरमिरी में नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री का खुलासा नशीले इंजेक्शन बेचने की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

चिरमिरी में नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री का खुलासा नशीले इंजेक्शन बेचने की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

17-Sep-2026    2:58:51 pm    222    सावन कुमार- संपादक

 चिरमिरी। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सेवन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शन बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52 नशीले इंजेक्शन, स्कूटी और मोबाइल फोन समेत करीब ₹53,200 की सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 सितंबर को चिरमिरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा बड़ा बाजार निवासी आशीष जायसवाल (38) नशीले इंजेक्शन लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कालीबाड़ी काली मंदिर के नीचे रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG 16 CJ 3523 की डिक्की से काले रंग की प्लास्टिक थैली में रखे नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
बरामद सामग्री में Rexogesic Buprenorphine Injection IP के 26 नग और Avil Pheniramine Injection IP के 26 नग, कुल 52 इंजेक्शन शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब ₹18,200 बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने करीब ₹25,000 की जुपिटर स्कूटी और ₹10,000 कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने कुल करीब ₹53,200 की सामग्री विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 22(C) NDPS Act के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर 17 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा, सउनि चित्रभान सिंह, प्र.उ.निरीक्षक विजय सिंह गोंड, प्र.आर. अशोक मलिक, आर. सुरेश तिग्गा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।