SP वैभव बैंकर की मॉनिटरिंग में बलरामपुर पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन, 10 करोड़ का गांजा जब्त

SP वैभव बैंकर की मॉनिटरिंग में बलरामपुर पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन, 10 करोड़ का गांजा जब्त

12-Jun-2026    2:22:02 pm    18    सावन कुमार- संपादक

बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन और सतत मॉनिटरिंग में बलरामपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बसंतपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही करीब 1941.110 किलोग्राम गांजा की खेप बरामद की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके साथ तस्करी में प्रयुक्त 50 लाख रुपये मूल्य का 16 चक्का टाटा ट्रक भी जब्त किया गया है। कुल जब्ती का मूल्य लगभग 10.50 करोड़ रुपये है।


पुलिस के अनुसार, 11-12 जून की दरम्यानी रात तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मिली सूचना पर बसंतपुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर एक टाटा ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 62 पैकेटों में भरा गांजा बरामद हुआ। मौके से उत्तर प्रदेश निवासी लोकेश शर्मा और आमिष अंसारी को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी लोकेश शर्मा पूर्व में दर्ज एक बड़े गांजा तस्करी मामले का भी मुख्य आरोपी है। पुलिस का दावा है कि वह उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश तक गांजा तस्करी का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था, लेकिन लगातार निगरानी और एंड-टू-एंड जांच के चलते पुलिस उसे पकड़ने में सफल रही।

मामले में थाना बसंतपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, प्र.उनि. मनीष साहू, सउनि. धनसिंह सांडिल्य सहित थाना बसंतपुर और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।